सीसीटीवी फुटेज में महिला का चेहरा साफ नजर आ रहा है।
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिला अस्पताल के एचडीयू वार्ड (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) से मंगलवार रात नवजात बच्ची चोरी हो गई। वार्ड में मौजूद एक महिला ने खुद को आशा कार्यकर्ता की परिचित बताकर भरोसा जीता और मौका मिलते ही नवजात को उठाकर फरार हो गई। ये घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
28 अक्टूबर को रोशनी आदिवासी ने बच्ची को जन्म दिया था। आरोपी महिला दो दिन से परिजनों से बातचीत कर रही थी। बुधवार तड़के करीब 4 बजे बच्ची को खिलाने बहाने ले गई, फिर वापस आकर वार्ड में ही बैठी रही। जैसे ही परिजन सो गए, वह बच्ची को लेकर फरार हो गई।
परिजन की नींद खुली। बच्ची नहीं मिलने पर परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस सक्रिय हुई। सीसीटीवी फुटेज से महिला की पहचान की जा रही है। पुलिस ने 30 हजार का इनाम घोषित किया है।
बच्ची को गोद में ले जाते हुए महिला अस्पताल के सीसीटीवी में दिखी है।
एसपी जिला अस्पताल पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते एसपी अमन सिंह राठौड़ भी जिला अस्पताल पहुंचे और जांच पड़ताल की। एसपी राठौड़ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्ची को चोरी करने वाली महिला की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर नवजात को बरामद कर लिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने 30 हजार इनाम घोषित किया
पुलिस ने नवजात को चोरी करने वाली महिला की पहचान बताने पर इनाम घोषित किया। पुलिस ने कहा-ये महिला अभी जिला अस्पताल से एक नवजात बच्ची को उठाकर ले गई है। आप सभी से अनुरोध है कि आपके सभी ग्रुप में शेयर करें। पहचान बताने वाले को 30 हजार का इनाम दिया जाएगा।