सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बदरवास कस्बे में बुधवार को गुना से ग्वालियर जा रही एक यात्री बस के इंजन में अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग से बस में धुआं भर गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। ड्राइवर बस छोड़कर भाग गया, जबकि सभी यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
इंजन में शॉर्ट सर्किट, ड्राइवर भागा, यात्री कूदे
जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP07 JD 8894 जब बदरवास के पास पहुंची, तो उसके इंजन से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। आग देखकर बस चालक तुरंत बस छोड़कर भाग गया। बस में धुआं भरता देख घबराए यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर बाहर निकलना शुरू कर दिया।
हैंडपंप के पानी से बुझाई आग, टला बड़ा हादसा
मौके पर मौजूद बस स्टाफ ने हिम्मत दिखाते हुए पास के हैंडपंप से पानी निकालकर इंजन में लगी आग को बुझाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। कुछ देर बाद बस को ठीक किया गया और यात्रियों को दूसरी बस में बिठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। गनीमत रही कि इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित रहे।
लापरवाही जारी, जर्जर बसें सड़कों पर
यह उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में बसों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कुछ मामलों में यात्रियों की जान भी गई है। इसके बावजूद, परिवहन विभाग की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में कई जर्जर और ओवरलोड बसें सड़कों पर चल रही हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी इन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।