स्कूटी से कीचड़ उछलने पर विवाद
घटना की शुरुआत शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुई। अमन जादौन (20) बस स्टैंड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान राहुल उर्फ बिद्ध तोमर तेज रफ्तार स्कूटी पर आया और सड़क पर पड़े कीचड़ से अमन के ऊपर मलबा छिटक गया। अमन ने उसे धीरे चलाने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। यह मामूली कहासुनी शाम तक बढ़ती रही।
परिवार पर किया हमला
शाम को राहुल अपने परिवार के साथ अमन के घर गया और गाली-गलौज करने लगा। रात करीब 9:30 बजे राहुल ने अपने साथियों- रघुवीर तोमर, बलवीर तोमर, लोकेन्द्र तोमर, शिवम तोमर और कुलदीप तोमर - के साथ हथियार लेकर अमन पर हमला कर दिया।
हमले के बाद परिवार के लोग बचाने आए तो उन लोगों ने परिवार के लोगों पर भी हमला किया। इस घटना में कई सदस्य घायल हो गए, परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में चाचा बलवीर जादौन की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मनीष जादौन को शिवपुरी रेफर किया गया।
छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
गोवर्धन थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट करने वाले सभी छह आरोपी राहुल, रघुवीर, बलवीर, लोकेन्द्र, शिवम और कुलदीप - के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि मामले की पूरी जांच कर आरोपियों को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर डर और चिंता का माहौल है।