सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की बदरवास नगर परिषद में मंगलवार को अवकाश जैसा माहौल दिखा। वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद सुमित यादव ने नगर परिषद कार्यालय खाली मिलने पर एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में कार्यालय सूना दिखाई दे रहा है, जिसके बाद पार्षद ने सीएमओ पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
पार्षद सुमित यादव अपने वार्ड की समस्याओं को लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे। उनकी मांगों में हाईवे और रेलवे कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट की समस्या का समाधान तथा खड्डे नुमा रास्तों में मुरम डलवाना शामिल था। हालांकि, उन्हें नगर परिषद कार्यालय में कोई कर्मचारी या सीएमओ नहीं मिले। इस दौरान कई अन्य शिकायतकर्ता भी सीएमओ और कर्मचारियों का इंतजार करते दिखे।
कार्यालय खाली मिलने से नाराज पार्षद ने सीएमओ कक्ष और अन्य खाली पड़े कार्यालयों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने सीएमओ और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कोलारस एसडीएम और कलेक्टर से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, नगर परिषद सीएमओ मुकेश शारोठिया ने पार्षद के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि "पार्षद के आरोप गलत हैं। उस समय सभी कर्मचारी मौजूद थे। मैं स्वयं विभागीय कार्य से नगर में था, जबकि जनसुनवाई जनपद बदरवास कार्यालय में आयोजित की गई थी।"