कलेक्टर-एसपी से शिकायत; महिला बोली- चार पहिया वाहन और 1 लाख रुपए मांगे;महिला बोली- पति और ससुराल वालों ने मारा

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के भौती थाना क्षेत्र के ग्राम पारेश्वर की रहने वाली रचना पाल ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इस मामले में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय की मांग की है।

रचना पाल ने बताया कि उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व ग्राम पारेश्वर निवासी कपिल पाल पुत्र कल्याण पाल से हुई थी। शादी में उसके परिजनों ने मोटरसाइकिल, कूलर, अलमारी, एलसीडी, सोफा सेट सहित करीब पांच लाख रुपए खर्च किए थे।

इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग चार पहिया वाहन और एक लाख रुपए की अतिरिक्त दहेज मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे।

पीड़िता के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात उसके ससुर ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। अगली सुबह ससुराल के अन्य सदस्यों ने भी मिलकर उसे गंभीर रूप से पीटा, जिससे उसकी नाक में चोट आई और शरीर पर कई निशान पड़ गए।

रचना ने बताया कि जब वह शिकायत लेकर हिम्मतपुर पुलिस चौकी पहुंची, तो वहां उसकी बात नहीं सुनी गई। आरोप है कि पति और ससुराल वाले अब उसे घर में नहीं रखना चाहते और लगातार धमका रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि "जो करना है कर लो, पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।"

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष धनबल और राजनीतिक प्रभाव का उपयोग कर पुलिस कार्रवाई से बच रहा है। उसने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)