बीटेक के छात्र को बीच सड़क पर पीटा,शिकायत करने पर घर जाकर ताऊ के साथ मारपीट, वीडियो

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र में 21 अक्टूबर को एक बीटेक छात्र की पहले सड़क पर पिटाई की गई, फिर उसे जबरन नर्सरी ले जाकर भी मारा गया। इतना ही नहीं, जब छात्र के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की, तो आरोपियों ने घर पहुंचकर उसके ताऊ के साथ भी मारपीट कर दी। घटना का वीडियो अब सामने आया है। पुलिस ने अब तक केवल पहली वारदात पर ही एफआईआर दर्ज की है।

पेट्रोल पंप पर की गई थी पिटाई

जानकारी के अनुसार, प्रयागराज में बीटेक की पढ़ाई कर रहा 17 वर्षीय पीयूष शुक्ला दिवाली की छुट्टियों में अपने गांव पौठियाई आया हुआ था। 21 अक्टूबर को वह पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गया था, तभी वहां मौजूद अरविंद यादव और आयुष सेन ने अपने 4-5 साथियों के साथ मिलकर उसकी सड़क पर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया।

जबरन नर्सरी ले जाकर दोबारा पीटा

पीयूष के ताऊ बृजेंद्र शुक्ला के अनुसार, सड़क पर मारपीट करने के बाद आरोपी पीयूष को जबरन बाइक पर बैठाकर पास की नर्सरी ले गए, जहां उसे दोबारा पीटा गया। पुलिस ने इस मामले में केवल दो आरोपियों के खिलाफ सामान्य मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

शिकायत के बाद घर पहुंचे आरोपी

बृजेंद्र शुक्ला ने बताया कि जब उन्होंने इस घटना का विरोध किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, तो उसी रात आरोपी उनके घर पहुंच गए। उन्होंने वहां धमकी दी और मारपीट की। इसकी शिकायत भी थाने में की गई, लेकिन दूसरी वारदात की एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

पुलिस ने कहा- बच्चों का आपसी झगड़ा

खनियाधाना थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने मामले को बच्चों का आपसी झगड़ा बताते हुए कहा कि दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि घर जाकर धमकी देने या बृजेंद्र शुक्ला से मारपीट की कोई शिकायत नहीं मिली। वहीं, पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने दूसरी घटना की लिखित शिकायत थाने में दी थी, लेकिन पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)