नई भाजपा कार्यकारिणी में कुल 9 उपाध्यक्ष, 4 प्रदेश महामंत्री और कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल हैं। उपाध्यक्षों में रणवीर रावत, सुरेंद्र शर्मा के अतिरिक्त कांतदेव सिंह, प्रभुराम चौधरी, शैलेंद्र बरुआ, मनीषा सिंह, नंदिता पाठक, निशांत खरे और प्रभुलाल जाटव के नाम हैं।
प्रदेश महामंत्री के रूप में लता वानखेड़े, सुमेर सोलंकी, राहुल कोठारी और गौरव रणदिवे को नियुक्त किया गया है। मौजूदा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को उनके पद पर बरकरार रखा गया है। रीवा संभाग के संगठन मंत्री रहे श्याम महाजन को प्रदेश कार्यालय मंत्री तथा अखिलेश जैन को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही, पार्टी के चार मोर्चों के अध्यक्षों में भी बदलाव किया गया है।
रणवीर रावत ने 1998 में करेरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभाई। वे बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं, जिन्हें 2007 में राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त था। रावत शिवपुरी भाजपा जिला अध्यक्ष, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष (2015) और बी.डी. शर्मा की कार्यकारिणी में महामंत्री (2020) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य कर चुके हैं।
शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र के मड़वास गांव निवासी सुरेंद्र शर्मा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की थी। विद्यार्थी परिषद में विभिन्न पदों पर रहते हुए वे संगठन से गहराई से जुड़े रहे। बाद में उन्होंने भाजपा संगठन में प्रवेश किया और प्रदेश प्रवक्ता के रूप में कार्य किया। वे प्रदेश कर समिति सदस्य भी रह चुके हैं।