सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के ग्राम तरावली में चोरी की वारदात सामने आई है। तरावली कोलारस विधायक महेंद्र यादव का पैतृक गांव है। चोरों ने विधायक के चचेरे भाई राजीव यादव के घर को निशाना बनाते हुए लाखों के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
राजीव यादव पिता कप्तान सिंह यादव (40), निवासी ग्राम तरावली ने बताया कि वे 22 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ शिवपुरी स्थित संतुष्टि अपार्टमेंट गए थे। घर पर उनकी मां मुन्नीबाई यादव अकेली थीं। अगले दिन सुबह करीब साढ़े छह बजे उनकी मां ने फोन कर बताया कि रात में घर में चोरी हो गई है।
तरावली कोलारस विधायक महेंद्र यादव का पैतृक गांव है।
कमरों में सामान बिखरा हुआ मिला
राजीव यादव जब शिवपुरी से गांव पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर के कमरों का सामान बिखरा हुआ पड़ा था।
तीन अलमारियों और तीन से चार बक्सों के ताले टूटे मिले, जबकि तिजोरी भी टूटी हुई अवस्था में खुली थी। चोरी गए सामान में छह सोने की चूड़ियां, तीन चेन, 16 अंगूठियां, दो कड़े, दो टॉप्स, एक सुई-धागा सेट, चांदी के 20 सिक्के और करीब 50 हजार रुपए नकद शामिल हैं।
राजीव यादव का कहना है कि चोरों ने संभवतः किसी जहरीली गैस का इस्तेमाल किया, जिसके कारण उनकी मां को रात में कुछ सुनाई या महसूस नहीं हुआ। आमतौर पर उनकी मां रोज सुबह पांच बजे उठ जाती हैं, लेकिन घटना वाली रात वे करीब एक घंटे देर से जागीं।
आशंका- चोरों ने पहले रेकी की
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। थाना इंदार पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सबूत जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
राजीव यादव के पुराने घर के पास एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया।
कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली है। मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड टीम को बुलाया गया है, जो घटनास्थल पर पड़ताल कर रही है।