सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 15 वर्षीय पीड़िता के सौतेले पिता, सौतेले चाचा और सौतेले मौसा पर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप है। महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से रविवार को चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां का तलाक 2015 में हुआ था। इसके बाद उन्होंने सिख व्यक्ति से शादी की। न्यायिक प्रक्रिया के कारण पीड़िता अपने नाना-नानी के साथ रह रही थी। साल 2022 में वह अपनी मां और सौतेले पिता के साथ रहने आई।
कुछ महीने पहले, पीड़िता के सौतेले पिता ने कथित तौर पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसके अलावा, सौतेले चाचा मंजीत सिंह सिक्ख और सौतेले मौसा सतनाम सिंह पर भी दुष्कर्म का आरोप है।
आरोप- पीड़ित ने बताया तो मां ने भी धमकाया
पीड़िता ने जब इस घटना के बारे में अपनी मां को बताया, तो मां ने उसे धमकाया। किसी से मदद न मिलने पर पीड़िता ने 1098 पर कॉल कर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) से संपर्क किया। CWC की मदद से वह अपने असली पिता तक पहुंची और उन्हें आपबीती सुनाई।
इसके बाद, पीड़िता ने अपने पिता के साथ 18 नवंबर को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अपराध की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए गए।
महिला थाना पुलिस टीम और सिरसौद थाना प्रभारी के सहयोग से, पीड़िता की मां को 18 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। दो लोगों को 19 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
जांच के दौरान, 23 नवंबर को चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनम रघुवंशी और सिरसौद थाना प्रभारी मुकेश दुबोलिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।