इंद्रा कॉलोनी, विष्णु मंदिर के पीछे निवासी महाराज सिंह कुशवाह ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि हवाई पट्टी के पास स्थित एक प्लॉट को दिलाने का सौदा दलाल धर्मेंद्र परिहार निवासी नई पुलिस लाइन माता मंदिर के पास, शिवपुरी से हुआ था। इस सौदे के तहत 9 अगस्त 2021 को 1 लाख 27 हजार रुपए एडवांस के रूप में दिए गए थे। आरोपी ने चार माह में रजिस्ट्री कराने का वादा किया था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी न तो प्लॉट की रजिस्ट्री कराई गई और न ही एडवांस रकम वापस की गई।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए झगड़ा किया और साफ कह दिया कि उसके पास पैसे नहीं हैं, जो करना है कर लो। इतना ही नहीं, आरोपी ने झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी।
महाराज सिंह कुशवाह ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने 4 दिसंबर 2025 को कोतवाली थाना शिवपुरी में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न होने से आरोपी के हौसले बढ़े हुए हैं और पीड़ित को किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौच और धमकी देने के मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसकी जमा की गई 1.27 लाख रुपए की राशि वापस दिलाई जाए।