शिवपुरी में वृद्ध मां और बेटियों से धोखाधड़ी का आरोप, बेटे पर जमीन बिकवाने का मामला

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले से एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक वृद्ध और अनपढ़ महिला ने अपने ही बेटे पर बेटियों के साथ मिलकर जमीन का फर्जी अनुबंध कराए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में कलेक्टर को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच, अनुबंध निरस्तीकरण और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम ईटमा तहसील शिवपुरी निवासी रामश्री बाल्मिक पत्नी स्व. मिट्ठू बाल्मिक ने बताया कि उनके और उनकी चार बेटी किरन, सविता, रीना व आरती के स्वामित्व की कृषि भूमि सर्वे नंबर 810/1 और 811, कुल रकबा 1.8000 हेक्टेयर है। आरोप है कि उनका पुत्र घनश्याम बाल्मिक, निवासी ग्राम बहेरिया तहसील ईसागढ़ जिला अशोकनगर, ने जमीन में नाम जुड़वाने का झांसा देकर 13 दिसंबर 2025 को उन्हें शिवपुरी के घोड़ा चौराहा पोहरी बायपास पर बुलाया।

पीड़िता के अनुसार, वहां उनकी और बेटियों की फोटो खींची गईं और लिखापढ़ी कराकर अंगूठे व हस्ताक्षर करवा लिए गए। बाद में 15 दिसंबर को उन्हें जानकारी मिली कि उक्त दस्तावेजों के आधार पर अरविंद रावत पुत्र बहुरन रावत, निवासी न्यू पुलिस लाइन के पास शिवपुरी, के पक्ष में रजिस्टर्ड विक्रय अनुबंध पत्र संपादित करा दिया गया है, जबकि उन्होंने किसी भी प्रकार का एग्रीमेंट या जमीन बेचने की सहमति नहीं दी थी।

रामश्री बाल्मिक का आरोप है कि जब उन्होंने बेटे से इस धोखाधड़ी को लेकर सवाल किया तो उन्हें और उनकी बेटियों को जान से मारने की धमकी दी गई। इससे पूरा परिवार भयभीत है और किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।

पीड़िता ने कलेक्टर से मांग की है कि जमीन से संबंधित कराए गए अनुबंध पत्र की निष्पक्ष जांच कर उसे निरस्त कराया जाए, साथ ही आरोपी पुत्र घनश्याम बाल्मिक और अरविंद रावत के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा उन्होंने अपने और परिवार की जानमाल की सुरक्षा की भी मांग की है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)