70 CCTV फुटेज खंगालकर पकड़ा,महिला कर्मचारी से लूट का आरोपी गिरफ्तारःहमला कर लॉकेट-मोबाइल लूटा था

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में 11 दिसंबर को नगर पालिका की महिला कर्मचारी पर हमला कर लूट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का खुलासा कोतवाली थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में एडिशनल एसपी संजीव मुले ने किया।

11 दिसंबर की शाम नगर पालिका में अस्थाई कर्मचारी के रूप में काम करने वाली 43 वर्षीय मनीषा गोस्वामी पैदल नगर पालिका हाजिरी लगाने जा रही थीं। जब वह जिला अस्पताल के पीछे वाले गेट के पास पहुंचीं, तभी एक युवक ने अचानक उनके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी उनके गले से सोने का ओम लॉकेट और मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गया।
70 सीसीटीवी पुलिस ने खंगाले

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपी पैदल ही भीड़ में मिलकर भाग गया था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। पुलिस ने करीब 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद संदिग्ध की पहचान हो सकी।
जांच में आरोपी की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी 38 वर्षीय ब्रजेश धाकड़ के रूप में हुई। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी दोबारा वारदात करने की फिराक में शहर आया था। जैसे ही वह सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिया, पुलिस ने उसे पोहरी बायपास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले मजदूरी करता था, लेकिन बाद में अवैध शराब के धंधे में शामिल हो गया था। इस मामले में जेल जाने के बाद उसने बिना मेहनत के पैसे कमाने के लिए लूट की योजना बनाई थी।

पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया सोने का ओम लॉकेट और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से लूट की वारदात का सफल खुलासा हो सका है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)