सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी के मनियर क्षेत्र में ममेरी बहन से छेड़छाड़ की शिकायत करने वाले युवक पर गुरुवार रात हमला कर दिया गया। आरोपियों ने घात लगाकर युवक के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मनियर निवासी राज राजावत गुरुवार रात करीब साढ़े 9 बजे ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान केशव रावत, रविन्द्र पाल और उनके कुछ साथियों ने चलती बाइक पर हमला कर दिया। लोहे की रॉड सिर में लगते ही राज का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक सहित गिर पड़े।
इसके बाद आरोपियों ने राज के साथ जमकर मारपीट की और उनकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल राज को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर में आठ टांके लगाए।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी केशव रावत उसकी ममेरी बहन से छेड़छाड़ करता था, जिसकी शिकायत कुछ दिन पहले एसपी कार्यालय में की गई थी। इसी रंजिश में हमला किया गया। कोतवाली पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।