गड्ढे में गिरने से गंभीर चोट, परिवार ने पुलिस पर धक्का देने का आरोप लगाया:पुलिस को देखकर भाग रहे युवक का पैर फ्रैक्चर

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी के बैराड़ कस्बे के बस स्टैंड पर गुरुवार देर शाम पुलिस के पैदल भ्रमण के दौरान एक युवक गड्ढे में गिर गया। हादसे में युवक का पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया और हड्डी बाहर निकल आई। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बैराड़ बस स्टैंड शाम ढलते ही कुछ युवाओं का शराब पीने का अड्डा बन जाता है। हाल ही में एसपी अमन सिंह राठौड़ ने कहा था कि शाम के समय बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल भ्रमण करना जरूरी है। इसी निर्देश के तहत बैराड़ पुलिस गुरुवार देर रात बस स्टैंड पर भ्रमण पर थी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे। इस दौरान प्रकाश प्रजापति नामक युवक गड्ढे में गिर गया और गंभीर चोटें आईं।

परिवार ने पुलिस पर लगाया धक्का देने का आरोप

घायल युवक प्रकाश प्रजापति ने बताया कि वह बस स्टैंड पर कुछ लोगों के साथ खड़ा था। तभी पुलिस पहुंची और कुछ लोग दौड़ने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने उन्हें धक्का दिया, जिससे वह गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गिरने से उनके पैर की हड्डी बाहर निकल गई।

प्रकाश की पत्नी आशा प्रजापति ने कहा कि मेरे पति शराब नहीं पीते थे। वह केवल सब्जी लेने बाजार गए थे। पुलिस द्वारा धक्का दिए जाने से हादसा हुआ। वह घर में कमाने वाले अकेले सदस्य हैं। पैर फ्रैक्चर होने से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा सकता है।

डॉक्टर ने बताया गंभीर चोटें

बैराड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ड्यूटी डॉक्टर ने बताया कि प्रकाश के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है और हड्डी बाहर निकल आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि घायल ने शराब का सेवन नहीं किया था।

पुलिस ने आरोप निराधार बताया

इस मामले में बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने कहा कि आरोप निराधार हैं। उनका कहना है कि पुलिस रोज शाम को पैदल भ्रमण पर निकलती है, क्योंकि बस स्टैंड पर असामाजिक तत्व जमा हो जाते हैं। गुरुवार शाम भी पुलिस बस स्टैंड पर पहुंची थी, जहां कुछ लोग शराब पी रहे थे। पुलिस को देखकर वे भागे और संभव है कि इसी दौरान प्रकाश गिर गया। घटना की जानकारी रात में पुलिस को मिली थी और जांच जारी है
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)