घायल देवरानी और जेठानी।
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के झूलना गांव में खेत की मेड को लेकर दो सगे भाइयों के बीच पुराना विवाद हिंसक हो गया। झगड़े में दोनों भाइयों और उनकी पत्नियों के बीच मारपीट हुई। इस घटना में देवरानी और जेठानी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों भाइयों को भी मामूली चोटें आई हैं।
घायल ज्योति बाई धाकड़ ने बताया कि वह अपने पति रामचरण धाकड़ के साथ खेत पर थीं। मेड पर लगा पत्थर खिसका हुआ मिलने पर उन्होंने देवरानी गिरजा बाई से पूछा, तो गिरजा बाई और उनके पति गोविंद धाकड़ ने गाली-गलौज करते हुए लाठियों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए रामचरण धाकड़ के साथ भी मारपीट हुई।
देवरानी बोलीं- लाठियों से मारपीट की
गिरजा बाई धाकड़ ने आरोप लगाया कि जेठ रामचरण और जेठानी ज्योति बाई ही मेड तोड़ते हैं और उन पर झूठे आरोप लगाते हैं। उन्होंने कहा कि बीते दिन भी दोनों ने मिलकर उनके साथ लाठियों से मारपीट की और पति गोविंद धाकड को भी नहीं बख्शा।
पुलिस ने दर्ज किए क्रॉस केस
बदरवास पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में वीरेन्द्र पुत्र रामचरण धाकड़ और उनकी पत्नी ज्योति बाई धाकड़, तथा गोविंद धाकड़ और उनकी पत्नी गिरजा बाई धाकड़ की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।