सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी के फतेहपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवक की पिटाई कर दी गई। युवक एक विवाहिता से मिलने उसके घर पहुंचा था। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जिला अस्पताल में भर्ती घायल युवक की पहचान दिनारा क्षेत्र के कुचलोंन निवासी सचिन झा के रूप में हुई है।
सचिन ने बताया कि उसकी दिनारा की एक युवती से उसकी फोन पर बात होती थी। उसकी शादी हो चुकी है और वह फतेहपुर में अपने ससुराल में रहती है। बात होने पर महिला ने ही उसे मिलने के लिए बुलाया था, जिसके बाद वह उसके घर पहुंचा। वहां युवती के परिजनों ने उसे पकड़कर मारपीट की।
वहीं, विवाहिता के पति ने युवक द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि वे युवक को नहीं पहचानते। सुबह जब उन्होंने उसे घर में पकड़ा, तो वह भागने लगा और इस दौरान दो बार गेट से टकराकर खुद ही घायल हो गया।
महिला के ससुर ने बताया कि उनके बेटे की शादी को दो साल हो चुके हैं और उन्होंने इस युवक को पहले कभी नहीं देखा। उनका आरोप है कि युवक घर में चोरी करने के इरादे से घुसा था। उसे पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
युवक के खिलाफ कोतवाली में चोरी के प्रयास की शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।