मृतक शिक्षक कल्याण लोधी भौंती के ऊमरीकलां निवासी थे और कमालपुर सरकारी स्कूल में पदस्थ थे। परिजन ने इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है। कल्याण लोधी पूर्व सरपंच के भतीजे थे।
पीठ में गोली मारकर भागे हमलावर
जानकारी के अनुसार, कल्याण लोधी सोमवार शाम करीब 4 बजे अपने साथी शिक्षक अनिल लोधी के साथ बाइक से स्कूल से गांव लौट रहे थे। धाय महादेव चौराहे पर पहुंचते ही एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने बिना कुछ कहे सीधे कल्याण लोधी की पीठ में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
गोली लगने के बाद कल्याण और अनिल दोनों बाइक से गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और परिजन को सूचना दी। परिजन घायल कल्याण को पिछोर अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें झांसी रेफर कर दिया। हालांकि, झांसी पहुंचने तक कल्याण ने दम तोड़ दिया। परिजन अब शव के साथ भौंती थाने पहुंचे हैं, जहां पुलिस मामला दर्ज कर आगे की पड़ताल कर रही है।
गोली लगने के बाद मौके पर खून फैल गया।
मुरारी लोधी से चल रही थी पुरानी रंजिश
परिजन ने बताया कि शिक्षक कल्याण लोधी के चाचा वीर सिंह लोधी ऊमरीकंला में 15 साल सरपंच रह हैं। 5 साल पहले एक लूट के मामले में मुरारी लोधी आरोपी था और उस मामले में वीर सिंह लोधी गवाह थे।
कई महिनों से मुरारी मामले में वीर सिंह से गवाही देने से मना कर रहा था, लेकिन इसके बाद भी वीर सिंह कोर्ट में मुरारी के खिलाफ गवाही देकर आए थे। तब से मुरारी आए दिन इसका बदला लेने की धमकी दे रहा था। परिजन को पूरी आंशका है कि इस हत्याकांड में मुरारी और उसके साथियों का हाथ है।
एसडीओपी ने कहा- आरोपियों के खिलाफ हत्या केस दर्ज करेंगे
पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने कहा कि परिजन पुलिस थाने आ रहे हैं। उनके बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।