नगर से सटे वन क्षेत्र में लकड़ी माफिया सक्रिय, कार्रवाई न होने पर सवाल:नरवर के जंगलों में धड़ल्ले से कट रहे हरे पेड़

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र के जंगलों में लकड़ी की अवैध कटाई लगातार जारी है। नरवर नगर से सटे वन परिक्षेत्र में दख्खनी माता मंदिर के पीछे हरे-भरे पेड़ों को काटा जा रहा है। वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण लकड़ी माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार रात भी माफियाओं ने इस क्षेत्र में कई पेड़ों की कटाई की। इसकी जानकारी वन विभाग को नहीं मिली। इसी बीट में वन रक्षक कपिल शर्मा तैनात हैं। नागरिकों का कहना है कि जब नगर से सटे इलाके में खुलेआम पेड़ काटे जा रहे हैं, तो घने जंगलों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

गौरतलब है कि पिछले माह इसी वन क्षेत्र से वन विभाग ने लगभग 10 से 12 ट्रॉली कटी हुई लकड़ी बरामद की थी। हालांकि, उसके बाद लकड़ी काटने वालों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई में ढिलाई का ही नतीजा है कि एक बार फिर जंगलों में अवैध कटाई शुरू हो गई है।

सूत्रों का आरोप है कि बीट गार्ड कपिल शर्मा की मिलीभगत से ही लकड़ी माफिया जंगल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। दख्खनी माता मंदिर के पीछे से लगातार हरे-भरे पेड़ों को काटा जा रहा है और वन विभाग को इसकी जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

इस मामले में डिप्टी रेंजर कमल किशोर शर्मा ने बताया कि उन्हें अवैध कटाई की जानकारी मिली है। उन्होंने बीट गार्ड को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं और वे स्वयं भी रात्रि में क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। शर्मा ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से पेड़ काटते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)