सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी में पोहरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह को जान से मारने की धमकी के मामले में सोमवार को शिवपुरी में सर्व समाज ने विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोग हाथों में तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और महामहिम राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिलाबदर और 10 हजार के इनामी अपराधी प्रभात रावत, उसके भाइयों तथा उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 7 दिसंबर 2025 की रात लगभग 8:30 बजे आदतन अपराधी प्रभात रावत ने विधायक कैलाश कुशवाह को फोन और सोशल मीडिया के जरिए गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि प्रभात रावत पहले से ही जिलाबदर घोषित अपराधी है और उस पर 10 हजार रुपए का इनाम भी है। इसके बावजूद वह लंबे समय से खुलेआम घूम रहा था। शिवपुरी के कोतवाली थाने में उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में करीब 14 मामले दर्ज हैं।
ज्ञापन में प्रभात रावत के भाइयों, प्रगट रावत और प्रमोद रावत, को भी आदतन और इनामी अपराधी बताया गया है। आरोप है कि तीनों ने मिलकर जिले में भय और आतंक का माहौल बनाया है तथा अवैध रूप से अकूत संपत्ति अर्जित की है। सर्व समाज ने मांग की कि इन अपराधियों और उनके संरक्षणदाताओं द्वारा अर्जित चल-अचल संपत्तियों को राजसात किया जाए।
हालांकि, इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर पहले ही सख्त कदम उठाए जा चुके हैं। दो दिन पूर्व एसपी अमन सिंह राठौड़ के अनुमोदन पर कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी ने आरोपी प्रभात रावत पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की थी। इससे पहले प्रभात रावत ने एनकाउंटर के डर से न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था और वह वर्तमान में शिवपुरी की सर्किल जेल में बंद है।
रैली में शामिल लोगों ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि को धमकी देना न केवल गंभीर अपराध है, बल्कि यह कानून-व्यवस्था के लिए भी सीधी चुनौती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में त्वरित और अनुकरणीय कार्रवाई कर जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों पर अंकुश लगाया जाए।