जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5 बजे नरवर थाना के बाहर वाहनों की जांच के लिए चेकिंग प्वाइंट लगाया गया था। इसी दौरान शासकीय स्कूल निजामपुर में पदस्थ शिक्षक भागचंद्र खटीक अपनी बाइक से वहां से गुजर रहे थे। उनके साथ एक अन्य बाइक पर उनके साथी भी थे। पुलिस ने पहले दूसरी बाइक को रोका, जिसके बाद शिक्षक भागचंद्र खटीक ने भी अपनी बाइक रोक दी।
चालान की बात पर भड़के, धमकी दी
पुलिसकर्मियों ने जब शिक्षक से चालान काट रहे प्रधान आरक्षक से बात करने को कहा, तो वे भड़क गए। इसी बीच, पुलिसकर्मी परमाल कुशवाह ने उनकी बाइक की चाबी निकाल ली और थाने की ओर बढ़ने लगे।
इससे नाराज शिक्षक भागचंद्र खटीक ने अपनी बाइक खड़ी कर दी और चाबी निकालने वाले पुलिसकर्मी को रोककर उनसे धक्कामुक्की की। उन्होंने पुलिसकर्मी को बाइक घर छोड़ने की धमकी भी दी।
वर्दी उतरवाने तक के लिए कहा
विवाद बढ़ता देख, एक अन्य पुलिसकर्मी रामवीर बघेल ने आपत्ति जताई। उन्होंने शिक्षक के सामने ही वर्दी उतारने की बात कही। शिक्षक भागचंद्र खटीक बाइक की चाबी निकालने के नियमों को लेकर काफी देर तक पुलिसकर्मियों से बहस करते रहे। बाद में दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया, जहां समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया।
नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि वे घटना के समय क्षेत्र भ्रमण पर थे। उन्होंने भी वायरल वीडियो देखा है और थाने पहुंचकर मामले की पूरी जानकारी लेंगे।
तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम