ट्रक की तिरपाल में लगी आग
शिवपुरी शहर के गुरुद्वारा चौराहे के पास गुरुवार सुबह एक ट्रक की तिरपाल में अचानक आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, पपीता से भरा यह ट्रक रात में कोर्ट रोड स्थित सब्जी मंडी के पास माल खाली करने आया था। शुक्रवार सुबह जब ट्रक वापस लौट रहा था, तभी गुरुद्वारा चौराहे के पास उसकी तिरपाल में आग लग गई। देखते ही देखते तिरपाल से आग की लपटें उठने लगीं।
आग लगते ही ट्रक चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोका और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान संयोग से वहां से गुजर रहे आरओ पानी सप्लाई के एक वाहन की मदद से आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी, जिससे भारी नुकसान होने की आशंका थी। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।