स्वदेशी जागरण मंच को नि:शुल्क जमीन उपलब्ध करवाने का प्रकरण पहुंचा लोकायुक्त-मामला दूसरे ठेकेदार की राशि वापस कर, मेले के लिए जमीन उपलब्ध करवाने का

Nikk Pandit
0
                        फोटो-स्वदेशी मेला 

सागर शर्मा शिवपुरी:नगर पालिका द्वारा स्वदेशी जागरण मंत्र को मेले के लिए गांधी पार्क की जमीन मेला लगाने के लिए नि:शुल्क उपलब्ध करवाने का मामला अब लोकायुक्त की दहलीज पर पहुंच गया है। मामले की शिकायत लोकायुक्त को दर्ज कराई गई है।

उल्लेखनीय है कि नगर पालिका द्वारा गांधी पार्क की भूमि मेला लगाने सहित विभिन्न प्रकार के आयोजनों के लिए किराए पर दी जाती है। इसी के चलते स्वदेशी फैमिली मेला सेल बाजार के सीटू सिंह राठौड़ ने 20 नवंबर 2025 को गांधी पार्क मैदान में 150 बाई 200 फीट स्थान स्वदेशी मेला सेल हेतु किराए पर लेने के लिए नगर पालिका को आवेदन किया था।

सीएमओ इशांक धाकड़ द्वारा उक्त सीटू सिंह राठौर को परिषद के प्रस्ताव अनुसार परिषद में 11 लाख 25 हजार रूपये जमा कर भूमि आवंटित करने का आदेश दिनांक 21 नवंबर 2025 को प्रदान किया। वर्क आर्डर मिलने पर सीटू सिंह राठौड़ ने 24 नवंबर को नपा परिषद शिवपुरी में पांच लाख रुपये जमा करा दिए। 

इसके बाद 25 नवंबर 2025 को कथित स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक गोपाल गौड़ ने गांधी पार्क मैदान में स्वदेशी मेले के आयोजन के लिए नि:शुल्क भूमि उपलब्ध करवाने के आवेदन दिया। उक्त आवेदन के आधार पर नपा सीएमओ इशांक धाकड़ ने स्वदेशी फैमिली मेला सेल बाजार की अनुमति निरस्त कर स्वदेशी जागरण मंच को नि:शुल्क भूमि उपलब्ध करवाने के आदेश जारी कर दिए और सीटू सिंह राठौर के जमा कराए गए पांच लाख रुपये वापस करवा दिए।

स्वदेशी जागरण मंच ने गांधी पार्क मैदान में स्वदेशी मेला का आयोजन 1 जनवरी से 20 जनवरी 2026 तक किया। इस दौरान स्वदेश जागरण मंच पर मेले में दुकान लगाने वालों, अतिथियों से पैसा वसूल करने के आरोप लगे। वहीं दूसरी ओर नगर पालिका सीएमओ पर आरोप लगाए गए कि उन्होंने नपा की हालत आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद स्वदेशी जागरण मंच को भूमि नि:शुल्क उपलब्ध करवा कर नपा को आर्थिक क्षति पहुंचाई है।

इस मामले में नेता प्रतिपक्ष शशि शर्मा ने ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया था कि मेले में भ्रष्टाचार किया गया है। अब इस मामले की शिकायत एडवोकेट विजय तिवारी ने संपूर्ण दस्तावेजों के साथ लोकायुक्त को दर्ज करवाई है।

 इनका कहना है-

मेला हमने लगवाया ही नहीं था, मेला तो स्वर्णिम भारत फाउंडेशन ने लगवाया था। हमने तो सिर्फ सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए थे। हमने किसी दुकानदार से कोई पैसा नहीं लिया।
गोपाल गाैड़ जिला संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच-

मेले के लिए जमीन आवंटन की शिकायत की मुझे कोई जानकारी नहीं है, अगर लोकायुक्त द्वारा मुझसे कोई जवाब मांगा जाएगा तो मैं उसका उचित जवाब प्रस्तुत करूंगा।
ईशांक धाकड़ 
सीएमओ,नपा -
मैंने स्वदेशी मेले में भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई थी। मुझे नपाध्यक्ष ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक न तो कोई जांच हुई और न कोई कार्रवाई की गई।
शशि शर्मा
नेता प्रतिपक्ष, नपा
-नपा पालिका द्वारा मेले के लिए जमीन आवंटन में भ्रष्टाचार किया गया है। इसी के चलते मैंने मामले की शिकायत लोकायुक्त को तथ्यों के साथ दर्ज करवाई है, जिसमें अधिकारियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई है।

विजय तिवारी शिकायतकर्ता,
 एडवोकेट
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)