बैग और मोबाइल छीना; तीन नकाबपोश बदमाश फायरिंग कर फरार:दिनारा में महिला से कट्टे की नोक पर लूट

Nikk Pandit
0

शिवपुरी जिले के दिनारा कस्बे में शनिवार शाम एक महिला से लूट की घटना सामने आई है। नेशनल हाईवे पर फूला माता मंदिर-आवास तिराहे के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोक पर महिला का बैग छीन लिया और फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता विमला योगी दिनारा में एक सुनार की दुकान पर काम करती हैं। शनिवार शाम करीब 6:15 बजे वह फुरतला गांव में एक त्रयोदशी कार्यक्रम में भोजन के बाद अपने साथी बल्ली कुशवाहा के साथ घर लौट रही थीं।

"मौसी जरा सुनना" कहकर रोका था

घर के पास बाइक से उतरकर जैसे ही विमला पैदल आगे बढ़ीं, तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे। इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दो बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। बदमाशों ने महिला को "मौसी, जरा सुनना" कहकर रोका और नजदीक आते ही उनका बैग छीन लिया।

महिला द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने कट्टे से फायर किया और झांसी की दिशा में भाग निकले।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

बताया जा रहा है कि छीने गए बैग में 3 से 4 हजार रुपए नकद, लगभग 15 हजार रुपए कीमत का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, घर की चाबियां और कुछ कपड़े रखे थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल कर रही है और फरार बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी भी की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)