थाना देहात प्रभारी जितेन्द्र मावई ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय कर कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में 4 सितंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि कोटा–झांसी फोरलेन पर मझेरा गांव के पास एक व्यक्ति चरस विक्रय की फिराक में खड़ा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से संदीप सिंह सिख (38 वर्ष), निवासी रमतला कोलारस, को गिरफ्तार किया था।
आरोपी संदीप सिंह के कब्जे से दो बैगों में रखी 60 पैकेट अवैध मादक पदार्थ चरस बरामद की गई, जिसका कुल वजन 30 किलो 295 ग्राम था। साथ ही घटना में प्रयुक्त न्यू किओ कार को भी जप्त किया गया ।आरोपी के विरुद्ध थाना देहात में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी संदीप सिंह ने बताया कि उक्त चरस उसे आयशर डीसीएम वाहन चालक मोहन उर्फ शिवम ठाकुर द्वारा सप्लाई की गई थी। आरोपी शिवम ठाकुर टमाटर का परिवहन करता था और टमाटर भरकर कोलारस क्षेत्र से नेपाल ले जाकर विक्रय करता था। इसी आड़ में वह दीगर राज्य से अवैध मादक पदार्थ चरस को अपने आयशर डीसीएम वाहन में भरकर लाता था और संदीप सिंह को सप्लाई करता था।
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी शिवम उर्फ मोहन सिंह ठाकुर (32 वर्ष), निवासी ग्राम अर्मी, थाना हरगांव, जिला सीतापुर (उ.प्र.) की तलाश हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने काफी प्रयासों के बाद आरोपी को 5 फरवरी 2026 को सीतापुर (उ.प्र.) से गिरफ्तार किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त आयशर डीसीएम वाहन क्रमांक यूपी 41 एटी 9732 को भी जप्त किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है।