मृतकों की पहचान बनेरा गांव निवासी मातादीन आदिवासी और सिद्धम आदिवासी के रूप में हुई है। वे रिश्ते में साडू थे। जानकारी के अनुसार, मातादीन आदिवासी अपनी बेटी के रिश्ते की बात करने के लिए अपने साडू सिद्धम आदिवासी के साथ इमलिया करसेना गांव गए थे। लौटते समय धौलागढ़ फाटक के पास उनकी बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी।
दूर जा गिरे थे बाइक सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार दूर जा गिरे और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ देर तक उनके शव हाइवे पर पड़े रहे। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और हाइवे एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सैलून की दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त
ट्रक के पलटने से हाइवे किनारे स्थित एक सैलून की दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सैलून संचालक अतुल सेन ने बताया कि घटना से कुछ ही देर पहले वह अपने भाई टिंकल सेन के साथ दुकान बंद कर घर के लिए निकले थे।
उन्होंने कहा कि अगर वे कुछ देर और रुक जाते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर सुभाषपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। आज (सोमवार) जिला मुख्यालय पर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।