शिवपुरी के मुक्तिधाम में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब वन विभाग की टीम ने अंतिम संस्कार के लिए चिता पर रखे एक शव को उठा लिया। मृतक वन विभाग का कर्मचारी था, और विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु ले जाया गया।
मृतक की पहचान बनवारी लाल रजक के रूप में हुई है, जो वन विभाग में पदस्थ थे। सोमवार दोपहर मायापुर थाना क्षेत्र के रन्नौद रोड स्थित राजापुर गांव के पास वे एक अन्य वनकर्मी के साथ बाइक से जा रहे थे। इस दौरान वे असंतुलित होकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया, लेकिन ग्वालियर मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रात में ही उनका शव शिवपुरी शहर की झींगुरा कॉलोनी स्थित उनके निवास पर लाया गया। मंगलवार को परिजन बिना विभाग को सूचना दिए अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम पहुंच गए। वन विभाग को इसकी जानकारी मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी तत्काल मुक्तिधाम पहुंचे।
विभाग की टीम ने चिता पर रखे शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। शासकीय कर्मचारी होने के कारण विभागीय लाभ और अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूर्ण करने के लिए पोस्टमार्टम आवश्यक था।
इस घटना को लेकर मुक्तिधाम में कुछ समय के लिए असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि, बाद में स्थिति स्पष्ट होने पर परिजनों को पूरी जानकारी दी गई।