कोर्ट परिसर के बाहर वकीलों ने प्रदर्शन कर जलाया पुलिस का पुतला, सीएम मुर्दाबाद के लगाए नारे
शिवपुरी के करैरा में वकील की हत्या के विरोध में पूरे मध्यप्रदेश के वकील सोमवार को काम से विरत, यानी हड़ताल पर हैं। सोमवार दोपहर 12.30 बजे वकीलों ने कोर्ट परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। वकीलों ने करैरा पुलिस का पुतला दहन किया और मुख्यमंत्री मोहन यादव मुर्दाबाद के नारे लगाए। इतना ही नहीं आक्रोशित वकीलों ने शासन को अल्टीमेटम दिया है कि सात दिन के अंदर यदि "एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट' लागू नहीं होता है तो सभी वकील भोपाल पहुंचकर सीएम हाउस का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे।
सोमवार को वकील कोर्ट तो आए, लेकिन काम नहीं किया। शिवपुरी में कोर्ट जाते समय दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या से वकीलों में काफी आक्रोश है। हालांकि हत्या के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को शॉर्ट एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ लिया है, लेकिन इसके बाद भी आक्रोश कम नहीं हो रहा है। वकीलों की हड़ताल से ग्वालियर में हाईकोर्ट के एक हजार और सेशन कोर्ट के लगभग दो हजार केस प्रभावित हुए हैं।
आक्रोशित वकील प्रदर्शन करते हुए
ग्वालियर अंचल के शिवपुरी जिले के करैरा में दो दिन पहले सुबह कोर्ट के लिए निकले एडवोकेट संजय सक्सेना की बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड से पूरे मध्यप्रदेश में सनसनी फैल गई थी। कोर्ट जाते समय वकील की हत्या से मध्यप्रदेश के सभी कोर्ट के वकील आक्रोशित हैं। इस पर तत्काल स्टेट बार एसोसिएशन, बार एसोसिएशन और कोर्ट से जुड़े अन्य कर्मचारी संगठनों ने बैठक कर इस घटना का कड़ा विरोध जताने का निर्णय लिया। इसी क्रम में आज सोमवार को मध्यप्रदेश के सभी कोर्ट में वकील काम नहीं कर रहे हैं।
करैरा पुलिस का पुतला जलाया, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया
सोमवार दोपहर हाईकोर्ट व जिला एवं सत्र न्यायालय के वकील एकजुट हुए और धरना प्रदर्शन किया। वकीलों ने शिवपुरी के करैरा थाना पुलिस का पुतला दहन किया है। साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव मुर्दाबाद के नारेबाजी की गई। वकीलों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस व प्रशासन अलर्ट नजर आया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन पाठक के नेतृत्व में वकीलों ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर एक ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम एसएडीएम अतुल सिंह को सौंपा है।
वकील बोले-ऐसे तो हम पैरवी नहीं कर पाएंगे
प्रदर्शन के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन पाठक ने दैनिक भास्कर को बताया कि माफिया जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। हम न कुछ फीस पर गरीब और परेशान लोगों की मदद करते हैं। ऐसे में हमारे एक वकील साथी संजय सक्सेना की शिवपुरी के करैरा में ऐसे ही केस में दूसरे पक्ष ने भाड़े के बदमाशों से हत्या करा दी। यदि माफिया इस तरह ही वकीलों की हत्या कराते रहे तो हम गरीब व बेसहारों लोगों की पैरवी कैसे कर पाएंगे। इसलिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना जरुरी है।
जिला न्यायालय के उद्घाटन पर सीएम ने वादा किया था
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन पाठक का कहना है कि जब ग्वालियर में जिला न्यायालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया गया था तो सीएम मोहन यादव ने वादा किया था कि जल्द एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाएगा। अब समय आ गया है वह सात दिन के अंदर यह एक्ट लागू करें। यदि ऐसा नहीं होता है तो हम भोपाल जाएंगे और सीएम हाउस का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे।
तीन हजार केस हुए प्रभावित
बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ और जिला एवं सत्र न्यायालय में वकीलों की हड़ताल से लगभग 3 हजार केस प्रभावित होने का अनुमान है। पक्षकार कोर्ट पहुंचें, लेकिन वकील उनके केस में पैरवी नहीं कर रहे हैं। इससे कई लोग प्रभावित होंगे।
जमीन विवाद में सुपारी देकर कराई गई हत्या
शिवपुरी के करैरा निवासी एडवोकेट संजय सक्सेना की दो दिन पहले दिनदहाड़े बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या करैरा में उस समय की गई, जब वकील संजय सक्सेना कोर्ट जाने के लिए घर से निकले थे। वकील ने कोर्ट जल्दी पहुंचने के लिए शॉर्टकट लिया था, लेकिन उनकी रेकी हो रही थी और उसी रूट पर बदमाश घात लगाकर बैठे थे।
पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज किया था। करैरा थाना पुलिस ने शनिवार को इस सनसनीखेज हत्याकांड में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक आरोपी को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ लिया। पता चला है कि जमीन विवाद में सुपारी देकर वकील संजय सक्सेना की हत्या कराई गई थी।