शिवपुरी में होटल में छात्रा का युवक से विवादः फांसी लगाई, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत; फॉर्म भरने का कहकर घर से निकली थी

Nikk Pandit
0
शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र स्थित युवराज होटल के एक कमरे में 20 वर्षीय छात्रा ने सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती को उसका मित्र गंभीर अवस्था में निजी एमएम हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी है और युवक को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, सेसई निवासी नैनसी राठौर (20) शहर के एक शासकीय कॉलेज में पढ़ती थी। वह अपने गांव के रहने वाले अंकुश रावत के साथ युवराज होटल पहुंची थी। बताया जा रहा है कि होटल के कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद नैनसी ने कथित तौर पर फांसी लगा ली।

अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा

अंकुश रावत नैनसी को तत्काल एमएम हॉस्पिटल ले गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल प्रबंधन को यह मामला संदिग्ध लगा, जिस पर उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने फिजिकल थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले छात्रा की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने अंकुश को हिरासत में लिया

फिजिकल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और अंकुश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती होटल तक किस कारण से पहुंची और आत्महत्या के पीछे क्या वजह रही। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

फॉर्म भरने का कहकर घर से निकली थी

पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद युवती के पिता राजू राठौर ने बताया कि नैनसी सुबह करीब 11 बजे फॉर्म भरने की बात कहकर घर से निकली थी। बाद में उन्हें उसकी मौत की सूचना मिली।

पिता ने बताया कि जिस युवक अंकुश रावत के साथ उसका नाम सामने आ रहा है, वह गांव का ही रहने वाला है और बाहर नौकरी करता है, हाल ही में गांव आया था। बेटी ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अंकुश से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)