शिवपुरी जिले के देहरदा-ईसागढ़ मार्ग पर गुरुवार को दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 6 साल के मासूम समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा घुसी और बिजली के खंभे से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा टूट गया। गनीमत रही कि बिजली का तार कार पर नहीं गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं, दूसरी कार का चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, अनंतपुर गांव निवासी अभिषेक रघुवंशी (22), भूमिका रघुवंशी (16) और 6 वर्षीय हर्षल रघुवंशी इंदार गांव में हाल ही में हुई शादी के बाद नवविवाहिता को लेने जा रहे थे।
एज़वारा गांव के पास तिराहे पर गिन्दौरा गांव की ओर से तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उनकी कार अनियंत्रित होकर खेत में उतर गई और बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में हर्षल गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि अभिषेक के सीने में चोट आई है और भूमिका को भी चोटें आई हैं।
तीनों घायलों को उपचार के लिए बदरवास स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।