पुलिस ने महंत से जानकारी ली।
शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र स्थित प्राचीन नवग्रह हनुमान मंदिर में बुधवार रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अष्टधातु की राधा-कृष्ण मूर्ति, दान पेटी की नगदी सहित मंदिर में रखे हजारों रुपए का सामान लेकर फरार हो गए।
मंदिर के महंत मनीष शर्मा ने बताया कि सुबह मंगल आरती के लिए पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। अंदर दान पेटी का ताला भी टूटा था और उसमें रखी दान के पैसे भी गायब थे।
म्यूजिक सिस्टम और पूजा सामग्री भी ले गए चोर महंत के मुताबिक, चोर अष्टधातु की मूर्ति के अलावा करीब 16 हजार रुपए का नया म्यूजिक सिस्टम, पांच माइक, झालर और अन्य पूजा सामग्री भी ले गए। सूचना मिलते ही फिजिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सुरक्षा व्यवस्था पर महंत ने उठाए सवाल
महंत मनीष शर्मा ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि ये अति प्राचीन मंदिर है, जिसका जीर्णोद्धार पूर्व मंत्री और शिवपुरी विधायक यशोधरा राजे सिंधिया ने धर्मस्व विभाग से जुड़वाकर कराया था। इसके बाद भी मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। मंदिर में न बाउंड्री वॉल बनी और न ही पुजारी के रहने की व्यवस्था की गई। उनका कहना है कि इसी लापरवाही के कारण चोर आसानी से मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे पाए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थाना प्रभारी नम्रता भदोरिया ने बताया कि मौके का मुआयना किया गया है। छोटी अष्टधातु की मूर्ति, दो से तीन हजार रुपए नगदी और कुछ सामान चोरी हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।