शिवपुरी में जमीन विवाद से परेशान है परिवार; मौजूद लोगों ने बचाया:तहसील कार्यालय में परिवार ने खुद पर पेट्रोल छिड़का

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले की करेरा तहसील में गुरुवार शाम जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर एक परिवार ने तहसील कार्यालय परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया।

परिवार के सदस्यों ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत पकड़कर रोक लिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया और परिसर में मची अफरा-तफरी शांत हुई।

फिलहाल मामले में एसडीएम ने फाइल की जांच कर संबंधित पक्षों को समझाइश दी है और राजस्व टीम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।

यह पूरी घटना करेरा तहसील के थनरा गांव के रहने वाले बाबूलाल पाठक के परिवार से जुड़ी है। बाबूलाल के चार बेटों- द्वारिका प्रसाद, रतिराम, मनीराम, मातादीन और एक बेटी के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले की सुनवाई दिनारा के नायब तहसीलदार अशोक श्रीवास्तव की अदालत में विचाराधीन है।

सुनवाई के बाद बच्चों और पत्नी के साथ छिड़का पेट्रोल

बाबूलाल के बेटे द्वारिका प्रसाद ने जमीन में अपने 1/5 हिस्से का दावा करते हुए मामला दायर किया है। गुरुवार को इसी मामले की सुनवाई तय थी, जिसमें अनावेदक पक्ष से रतिराम, मनीराम, मातादीन और बाबूलाल की बेटी भी मौजूद थे।

सुनवाई खत्म होने के बाद मातादीन पाठक के बेटे कमल किशोर और कमलेश ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ तहसील परिसर में खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। उन्होंने आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन उपस्थित लोगों ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया और समझा-बुझाकर स्थिति को संभाल लिया।

नायब तहसीलदार और पटवारी पर लगाए मिलीभगत के आरोप

कमल किशोर पाठक ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि नायब तहसीलदार और संबंधित पटवारी मिलीभगत कर उनके चाचा द्वारिका प्रसाद को सड़क किनारे की प्रमुख जमीन दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका दावा है कि यदि ऐसा होता है, तो संबंधित अधिकारियों को भी लाभपहुंचाने की बात तय की गई है।

परिवार की मांग- सभी वारिसों को मिले आगे का हिस्सा

आत्मदाह का प्रयास करने वाले परिवार का कहना है कि दादा बाबूलाल पाठक की जमीन का फ्रंट (सड़क किनारे का) हिस्सा सभी वारिसों को समान रूप से मिलना चाहिए। उनका आरोप है कि उनके साथ साजिश की जा रही है, जिसके आक्रोश में आकर उन्होंने आत्मदाह का यह प्रयास किया।

एसडीएम ने कहा- नियम अनुसार ही होगी कार्रवाई

इस घटना के बाद करेरा एसडीएम अनुराग निगवाल ने बताया कि उन्होंने प्रकरण की फाइल का अवलोकन किया है। द्वारिका प्रसाद ने 1/5 हिस्से की मांग की है और कुल पांच लोगों में जमीन का बंटवारा होना है। एसडीएम ने स्पष्ट किया, "मामला अभी प्रारंभिक चरण में है और सुनवाई प्रक्रिया शुरू हुई है। संबंधित पक्षों को समझाइश दी गई है तथा नियम अनुसार ही राजस्व टीम द्वारा कार्रवाई की जाएगी।"
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)