पुतला दहन के दौरान पुलिस से झड़प, माफी की मांग तेज:नरवर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के नरवर में शनिवार को नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला दहन किया। पुतला दहन के प्रयास के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी हुई।

यह प्रदर्शन विधानसभा सत्र के दौरान मंत्री विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ की गई कथित असंसदीय टिप्पणी के विरोध में किया गया। कांग्रेस ने इस टिप्पणी को आपत्तिजनक बताते हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया था।

नरवर में हुए इस प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता संजय हर्षाना ने किया। प्रदर्शन की सूचना पहले ही एसडीएम करैरा और नरवर थाना प्रभारी को दे दी गई थी। कार्यकर्ता बस स्टैंड तिराहे पर एकत्रित हुए थे, जहां संभावित स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया था।

पुलिस से कांग्रेसियों ने धक्कामुक्की की

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन शुरू किया। पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया और पुतला छीनने की कोशिश की, जिससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और छीना-झपटी हुई।

कुछ देर के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन ने जल्द ही स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। कांग्रेस नेताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी जाती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)