पहला हादसा रविवार शाम शहर के बड़ौदी क्षेत्र स्थित थीम रोड पर हुआ। शाजापुर जिले के मोहम्मदपुर गांव निवासी विजय सिंह नाथ अपनी पत्नी कृष्णा बाई के साथ बाइक से अपने गांव जा रहे थे। वे एक रिश्तेदार के निधन पर गमी में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक ट्रक का टायर लुढ़कता हुआ आया और उनकी बाइक से टकरा गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पति-पत्नी सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि किसी टायर रिपेयरिंग दुकान के मैकेनिक की लापरवाही के कारण टायर सड़क पर आ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
वहीं, दूसरा मामला देहात थाना क्षेत्र के छोटा लुहारपुरा का है। यहां 45 वर्षीय प्रेमचन्द्र जाटव अपने कमरे में खाना बना रहे थे।
आटा गूंथने के बाद जैसे ही उन्होंने गैस जलाई, सिलेंडर की पाइप लाइन निकल गई और गैस लीक होने से अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटों में आने से प्रेमचन्द्र झुलस गए। घबराहट में वे दरवाजे से टकरा गए, जिससे दरवाजा भी क्षतिग्रस्त हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सिलेंडर की पाइप में लगी आग पर काबू पाया। इसके बाद घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।