सागर शर्मा शिवपुरी:नरवर कस्बे में एक युवक ने अपनी पत्नी सहित सहालज पर हैमर से प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मारपीट का प्रकरण कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नारायणपुर निवासी 23 वर्षीय राजकुमारी कुशवाह की शादी कुछ साल पहले नरवर निवासी रवि कुशवाह से हुई थी, परंतु पारिवारिक विवाद के चलते दोनों पिछले एक साल से अलग-अलग रह रहे हैं। रवि जहां अपने घर पर रह रहा है वहीं राजकुमारी अपने बेटी के साथ मायके में रहती है। बताया जा रहा है कि रवि पिछले लंबे समय से इस बात के लिए प्रयास कर रहा है कि वह लौट कर वापस घर आ जाए।
इसी प्रयास में कुछ समय पहले रवि के ससुराल वालों ने उसकी पिटाई कर दी थी, जिस पर नरवर थाने में अदम चैक काटा गया था। इसके बाद भी रवि के प्रयास जार रहे, परंतु राजकुमारी वापस ससुराल लौटने को तैयार नहीं हुई। इसी क्रम में सोमवार को शाम करीब 4 बजे जब वह अपनी भाभी नीलम कुशवाह के साथ अपनी बेटी को लेने के लिए उसके स्कूल जा रही थी, तभी पुराने डाकघर के पास रवि ने पीछे से आकर राजकुमार के सिर में हथौड़ा मार दिया।
जब राजकुमारी की भाभी नीलम ने उसे बचाने का प्रयास किया तो रवि ने उस पर भी हैमर से हमला कर दिया। रवि द्वारा किए गए हमले में घायल होकर दोनों महिलाएं जमीन पर गिर गईं। दोनों को वहां मौजूद लोगों ने उपचार के लिए नरवर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया, जहां से उन्हें मेडिकल कालेज शिवपुरी रैफर कर दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित रवि के खिलाफ आपराधिक प्रकरण कायम कर लिया है। घटना के बाद से रवि फरार है। पुलिस रवि की तलाश में लगी हुई है।