जमीन विवाद में सास, साली और पत्नी से मारपीट की:दामाद ने ससुराल वालों के घर में लगाई आग

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक दामाद ने ससुराल में आगजनी और मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने अपनी पत्नी के हिस्से की जमीन बेचने का दबाव बनाते हुए सास, साली और पत्नी के साथ मारपीट की और घर में आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़िता सोनम जाटव ने बताया कि उसकी शादी दो साल पहले पनवारी निवासी अवधेश जाटव से हुई थी। उसके स्वर्गीय पिता ने बचपन में ही उसके नाम दो बीघा जमीन कर दी थी। शादी के बाद पति को इस जमीन की जानकारी हुई, जिसके बाद वह जमीन बेचने का दबाव बनाने लगा।

पत्नी के साथ मारपीट की

चार दिन पहले भी अवधेश ने जमीन बेचने की मांग की थी। सोनम के अनुसार, जब उसने जमीन अपने भाई के नाम करने की बात कही तो आरोपी ने बेल्ट से मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह अपने मायके रामपुर आकर रहने लगी थी।

सोनम की बहन रवीना जाटव ने बताया कि गुरुवार शाम आरोपी अवधेश रामपुर स्थित उनके घर पहुंचा। उसने जमीन के कागजात मांगे और विरोध करने पर मां गुड्डी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पर रवीना को भी पीटा गया।

ससुराल पहुंचकर घर में आग लगाई

आरोप है कि इसके बाद अवधेश ने जबरन जमीन के कागजात निकाल लिए और घर में आग लगा दी। आगजनी में टीवी, कूलर, फ्रिज, बेड, बिस्तर समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सोनम और रवीना जाटव ने कोलारस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सोनम जाटव की रिपोर्ट पर आरोपी अवधेश जाटव के खिलाफ गुरुवार शाम मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)