मछली पालन विवाद, दो पक्षों में लाठी-डंडे चलेः चार नामजद लोगों पर FIR, अज्ञात पर भी केस; गाली देकर मारपीट करने का आरोप

Nikk Pandit
0

शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में पारोच बांध पर मछली पालन के अधिकार को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, कट्टों और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गुरुवार को पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर चार नामजद सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, दोनों पक्ष आज एसपी कार्यालय पहुंचे और एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। यह घटना 9 फरवरी 2026 की सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

एक पक्ष की ओर से राहुल केवट पुत्र कोमल प्रसाद केवट ने आरोप लगाया कि वे पारोच बांध पर अनुबंध के तहत काम करते हैं। इसी दौरान लक्ष्मण केवट, नवल केवट, मंगल केवट, दीपक शिवपूजन बिहारी सहित अन्य लोग लाठी, बंदूक, कट्टा और धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंचे।

आरोप- अभद्रता कर मारपीट की

राहुल के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उनके सिर में 4-5 टांके आए और उनके अन्य साथियों को भी गंभीर चोटें आईं। राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनका मोबाइल और सोने की अंगूठी छीन ली तथा कट्टा अड़ाकर फोटो-वीडियो बनाए।

दूसरे पक्ष की ओर से नारायण सिंह आदिवासी ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी संस्था 'जय ठाकुर बाबा मत्स्योद्योग सहकारी संस्था' को वर्ष 2018 से 2028 तक जिला पंचायत शिवपुरी से पारोच बांध लीज पर मिला हुआ है।

उनका आरोप है कि 9 फरवरी को तीन चारपहिया वाहनों में करीब 20 लोग हथियारों के साथ पहुंचे और तालाब खाली करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया और संस्था के सदस्यों की बेरहमी से पिटाई की गई।
नारायण सिंह के अनुसार, इस हमले में राजू केवट और छोटू केवट को गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उनके मोबाइल और नकदी भी छीन ली। साथ ही, एक सदस्य को जबरन अपने साथ ले जाने का आरोप भी लगाया गया है।

इस पूरे विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग हाथों में लाठी और कथित तौर पर कट्टा लिए नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद मामला और गरमा गया है।

दोनों पक्ष आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अपनी-अपनी शिकायत दर्ज कराई। हालाकि पुलिस ने एक पक्ष राहुल खटीक की शिकायत पर चार नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि दूसरे पक्ष का कहना है कि उनकी रिपोर्ट अब तक दर्ज नहीं की गई है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)