करैरा में बंटवारे की सुनवाई के दौरान हंगामा, लोगों ने छीनी माचिस, FIR दर्ज:रिटायर्ड फौजी ने परिवार पर पेट्रोल डाला

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले की करैरा तहसील में गुरुवार (26 फरवरी 2026) को एक खौफनाक घटना सामने आई। यहां जमीन बंटवारे के एक मामले की सुनवाई के दौरान एक रिटायर्ड फौजी ने भरे न्यायालय कक्ष में अपने परिवार के साथ खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए माचिस छीन ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पुलिस ने नायब तहसीलदार के प्रवाचक की शिकायत पर रिटायर्ड फौजी और उसके भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड फौजी कमल किशोर पाठक का आरोप है कि नायब तहसीलदार और पटवारी उनकी जमीन के बंटवारे के एवज में अपने लिए एक प्लॉट की मांग कर रहे थे। इसी बात से आहत होकर और विवाद के चलते उन्होंने भरे न्यायालय में यह आत्मघाती कदम उठाया।

सुनवाई के बीच शाम 5 बजे शुरू हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा

करैरा तहसील (वृत्त दिनारा) के नायब तहसीलदार के प्रवाचक लोकेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव ने अपनी शिकायत में बताया कि गुरुवार शाम करीब 5:10 बजे ग्राम थनरा के बंटवारा प्रकरण की सुनवाई चल रही थी। इस दौरान खातेदार रतीराम, मनीराम, मातादीन और मातादीन के पुत्र कमलकिशोर (रिटायर्ड फौजी) व घनश्याम सहित अन्य लोग कक्ष में उपस्थित थे।

पत्नी, बच्ची और सरकारी दस्तावेजों पर छिड़क दिया पेट्रोल

शिकायत के मुताबिक, सुनवाई के दौरान कमलकिशोर और घनश्याम ने नायब तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और आग लगाकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगे। विवाद इतना बढ़ गया कि घनश्याम ने अपने थैले में रखे डिब्बे से पेट्रोल निकाला और खुद पर, अपनी पत्नी पर और छोटी बच्ची पर उड़ेल लिया। इतना ही नहीं, उसने टेबल पर रखे महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेजों पर भी पेट्रोल छिड़क दिया।

माचिस जलाते ही लोगों ने छीनी, टला बड़ा हादसा

पेट्रोल डालने के बाद जैसे ही घनश्याम ने माचिस निकालकर आग लगाने की कोशिश की, मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उसके हाथ से माचिस छीन ली। इस तत्परता से एक बहुत बड़ा और जानलेवा हादसा टल गया। घटना के समय कक्ष में नायब तहसीलदार अशोक श्रीवास्तव, पटवारी भानु जाटव, संतोष रावत, सूरजभान यादव और देवीसिंह यादव भी मौजूद थे।

शासकीय कार्य में बाधा डालने की FIR दर्ज

करैरा थाना पुलिस ने इस पूरी घटना को बेहद गंभीरता से लिया है। इस कृत्य को शासकीय कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हरकत मानते हुए पुलिस ने रिटायर्ड फौजी कमल किशोर पाठक और उसके भाई घनश्याम पाठक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 296 (ए) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)