तीन दिन में 10 हजार साइन और सद्बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा पाठ भी कराया: यूजीसी कानून के विरोध में सवर्ण समाज का मशाल जुलूस

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी में सवर्ण समाज संगठन ने सरकार द्वारा लागू किए गए यूजीसी कानून के विरोध में रविवार देर शाम मशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा और संगठन ने कानून पर पुनर्विचार की मांग की।

इस विरोध प्रदर्शन से पहले, संगठन ने तीन दिवसीय हस्ताक्षर अभियान चलाया था। इस अभियान में लगभग दस हजार लोगों ने हस्ताक्षर कर कानून के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।

यह हस्ताक्षर अभियान 27 फरवरी से 1 मार्च तक शहर के माधव चौक चौराहे पर आयोजित किया गया था। अभियान के दौरान शनिवार को सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।
रविवार शाम करीब 7:30 बजे हस्ताक्षर अभियान के समापन के बाद सवर्ण समाज संगठन ने मशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस माधव चौक से शुरू होकर गुरुद्वारा चौक, राजेश्वरी रोड होते हुए तात्या टोपे की समाधि तक पहुंचा। वहां समाज के लोगों ने तात्या टोपे को नमन किया। इसके बाद जुलूस अस्पताल चौराहा और कोर्ट रोड से होते हुए पुनः माधव चौक पर समाप्त हुआ।

इस मशाल जुलूस में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार इस कानून पर पुनर्विचार नहीं करती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)