शिवपुरी में उधार न देने पर दुकानदार, परिजनों से मारपीट: तीन बाइक तोड़ीं, घायल जिला अस्पताल में भर्ती

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र में उधार सामान देने से मना करने पर एक दुकानदार और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। हमलावरों ने लाठियों से हमला कर तीन मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ भी की। इस घटना में घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लालगढ़ गांव निवासी अवधेश रावत (23) ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी दुकान पर थे। तभी गांव के अखिल रावत, बलवीर रावत और अरविंद गुर्जर उनकी दुकान पर सामान लेने पहुंचे। अवधेश ने उन्हें उधार सामान देने से मना कर दिया और नकद भुगतान करने को कहा। इसी बात पर तीनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे।

बाएं हाथ में चोट लगी

इसके बाद अरविंद गुर्जर ने अवधेश पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनके बाएं हाथ में चोट लगी। जब अवधेश के भाई स्वदेश रावत, अनिल रावत और पिता मेहरवान सिंह रावत बीच-बचाव करने आए, तो आरोपियों ने उन पर भी लाठियों से हमला कर दिया।

आरोपियों ने जाते समय दुकान के पास खड़ी तीन बाइक प्लेटिना, डिलक्स और स्प्लेंडर को लाठियों से तोड़ दिया। घटना के समय विक्रम रावत और विकास रावत भी मौके पर मौजूद रहे, जिन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया।
पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी जाते-जाते उन्हें दोबारा उधार न देने पर जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। पुलिस ने अवधेश रावत की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)