शिक्षक कल्याण लोधी हत्याकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: 10 हजार का इनामी मुरारी लोधी दबोचा

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र में हुए शिक्षक कल्याण लोधी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब तीन महीने से फरार चल रहे मामले के मास्टरमाइंड और 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी मुरारी लोधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय पिछोर में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार 2 दिसंबर 2025 को ग्राम ऊमरीकला निवासी अमित लोधी ने थाना भौंती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके चचेरे भाई कल्याण लोधी और अनिल लोधी स्कूल से पढ़ाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम गणेशखेड़ा बेयर हाउस के पास आरोपी मुरारी लोधी समेत अन्य लोगों ने पुराने मामले में राजीनामा करने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट कर दी।

आरोप है कि इसी दौरान मुरारी लोधी ने कट्टे से गोली चला दी, जिससे शिक्षक कल्याण लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भौंती निरीक्षक घनश्याम भदौरिया और चौकी प्रभारी खोड़ कुसुम गोयल के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी।

आखिरकार 15 मार्च 2026 को पुलिस ने मुख्य आरोपी मुरारी लोधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पहले ही आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है और आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)