सागर शर्मा शिवपुरी: शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना पुलिस ने व्यापारी के गोदाम से सरसों चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 35 कट्टे सरसों (लगभग 15 क्विंटल 75 किलो) तथा चोरी में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। बरामद सरसों की कीमत करीब 95 हजार रुपए बताई जा रही है।
व्यापारी की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि पुरानी अनाज मंडी बैराड़ निवासी व्यापारी तरुण गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 28 फरवरी को उनके गोदाम में लगभग 100 क्विंटल सरसों रखी हुई थी। जब 1 मार्च को गोदाम देखा गया तो ताला टूटा हुआ मिला और उसमें से 35 कट्टे सरसों चोरी हो चुके थे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच की। जांच में सामने आया कि फरियादी के यहां काम करने वाले दीपक कुशवाह, साहब सिंह कुशवाह और रामकिशन कुशवाह निवासी कालामढ़ बैराड़ ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपियों ने गोदाम का ताला तोड़कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से सरसों के कट्टे निकाल लिए थे।
खेत से बरामद हुई चोरी की सरसों
पुलिस ने आरोपियों के खेत पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से ट्रॉली में भरी 35 कट्टे सरसों भी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कई वर्षों से व्यापारी के यहां काम कर रहे थे और इसी जानकारी का फायदा उठाकर उन्होंने चोरी की योजना बनाई।
होली के कारण वे चोरी की सरसों बेच नहीं पाए थे, इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
हत्या के प्रयास के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
एक अन्य मामले में रन्नौद थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान के अनुसार 3 मार्च को खोराना गांव के निवासी अरविंद लोधी, शत्रु लोधी, गड्डू लोधी और राजेश लोधी ने दिलीप आदिवासी, बलवीर आदिवासी और नातीराजा आदिवासी के साथ पत्थरों से मारपीट की थी। इस हमले में पीड़ितों को गंभीर चोटें आई थीं।
आरोपियों ने पीड़ितों को जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।