किसान की बेटी मुस्कान लोधी का BSF में चयन, ट्रेनिंग के लिए रवाना होने पर गांव ने डीजे के साथ दी भावुक विदाई

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी: शिवपुरी जिले की करैरा तहसील के छोटे से गांव बगरोदा की रहने वाली किसान की बेटी मुस्कान लोधी ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। मुस्कान का चयन सीमा सुरक्षा बल (BSF) में हो गया है। ट्रेनिंग के लिए रवाना होने से पहले पूरे गांव में खुशी का माहौल रहा और ग्रामीणों ने डीजे के साथ जुलूस निकालकर अपनी बेटी को भव्य विदाई दी।

मुस्कान लोधी ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने किसी बड़े शहर या कोचिंग का सहारा नहीं लिया, बल्कि घर पर रहकर ही लगातार मेहनत और लगन से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की। उनकी इसी मेहनत का परिणाम रहा कि उन्होंने पहले ही प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण कर BSF में स्थान हासिल कर लिया। मुस्कान ने कहा कि देश सेवा करना उनका सपना है और नौकरी के साथ-साथ वे अपनी पढ़ाई भी जारी रखेंगी।

समाज और ग्रामीणों ने किया भव्य सम्मान

एक साधारण किसान परिवार की बेटी के इस चयन से पूरे गांव और समाज में खुशी की लहर है। अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा शिवपुरी के जिलाध्यक्ष अमन लोधी आमोल, करैरा ब्लॉक अध्यक्ष दुर्ग सिंह लोधी तथा ग्राम पंचायत कुम्हरौआ के सरपंच मान सिंह लोधी बगरोदा पहुंचे और मुस्कान को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर शिक्षक मनीराम पटेल, राकेश राजपूत, कोमल लोधी, नीतू यादव और धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर मुस्कान का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गांव के लोगों का कहना है कि मुस्कान की यह सफलता गांव की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी, जिससे वे भी पढ़ाई और मेहनत के दम पर अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ेंगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)