शिवपुरी पुलिस का बड़ा एक्शन: शराब और मवेशियों से भरी पिकअप पकड़ी, 3 गिरफ्तार… हत्या के 2 फरार आरोपी भी दबोचे

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए अवैध शराब और पशु परिवहन में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को भी पकड़कर जेल भेज दिया गया है। इन कार्रवाइयों से जिले में पुलिस की सख्ती साफ नजर आई है।

कोतवाली प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कठमई तिराहे पर एक पिकअप वाहन (MP 07 AG 9065) को रोका।

तलाशी के दौरान वाहन में 11 भैंसें और 5 पड़िया ठूंस-ठूंसकर भरी मिलीं। इसके साथ ही चार प्लास्टिक कट्टियों में करीब 67 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब भी बरामद की गई।

पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत की पिकअप गाड़ी, 6700 रुपये कीमत की शराब और सभी मवेशियों को जब्त कर लिया। इस मामले में नीसिर खान, वकील कुरैशी और आसिफ खान को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त मवेशियों को सुरक्षित गोशाला भेज दिया गया है।

हत्या के आरोपी भी गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने 11 मार्च को दर्ज मामले में फरार चल रहे बादल आदिवासी और बिट्टू आदिवासी को गिरफ्तार किया। इस मामले में घायल बुजुर्ग बुलाखी आदिवासी की इलाज के दौरान ग्वालियर में मौत हो गई थी, जिसके बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी गई थी।

इस मामले में एक आरोपी चैना आदिवासी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)