सागर शर्मा शिवपुरी। खबर शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के देवरी गांव में होली के दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई। बेटी को मायके लाने ससुराल पहुंचे एक बुजुर्ग पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें बैराड़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार डांगबर्बे गांव निवासी 65 वर्षीय घुरू आदिवासी होली के मौके पर अपनी बेटी जामवती आदिवासी को मायके लाने के लिए देवरी गांव स्थित उसकी ससुराल आए थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर जब घुरू आदिवासी गांव में घूम रहे थे, तभी अचानक 5 से 6 कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े और कुत्तों ने उनके शरीर के कई हिस्सों में काट लिया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह कुत्तों को भगाया और बुजुर्ग को बचाया। इसके बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए बैराड़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रात करीब 1 बजे उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
घायल बुजुर्ग की बेटी जामवती आदिवासी ने बताया कि गांव में कुत्तों का झुंड अक्सर अंजान लोगों पर हमला करता है। उन्होंने बताया कि पहले भी गांव में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।