सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम मानकबसई में खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस विवाद में 22 वर्षीय अभिषेक रावत की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले युवक पर लोहे के सरिए से हमला किया, इसके बाद उसके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना 3 मार्च की बताई जा रही है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खेत की जुताई को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, 3 मार्च की दोपहर फरियादी बृजेश रावत अपने खेत में पानी दे रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव भरका निवासी बीपी सिंह जाटव और अनिल जाटव अपने आयशर ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे।
जुताई के दौरान मिट्टी बृजेश के खेत में जाने लगी, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
परिजनों को बुलाकर किया हमला
फरियादी के मुताबिक विवाद बढ़ने पर बीपी सिंह जाटव ने अपने पिता रामसिंह जाटव को मौके पर बुला लिया। थोड़ी ही देर में रामसिंह, नरेंद्र, करण उर्फ पप्पू और काशीराम जाटव लाठियां लेकर मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर बृजेश के बुआ का बेटा अभिषेक रावत (निवासी कुंवरपुर), चाचा वासुदेव, भाई रतन सिंह और चाचा का बेटा अरविंद बीच-बचाव करने पहुंचे।
सरिए से वार, फिर ट्रैक्टर से कुचला
आरोप है कि इसी दौरान बीपी सिंह जाटव ने अभिषेक रावत के सिर पर लोहे के सरिए से जोरदार वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठियों से हमला किया।
इसके बाद बीपी सिंह ने ट्रैक्टर से अभिषेक, रतन और बृजेश को कुचलने की कोशिश की। ट्रैक्टर का पहिया अभिषेक की छाती के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
परिजन उसे तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना के बाद फरियादी की शिकायत पर थाना सिरसौद में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल सभी छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आयशर ट्रैक्टर, लोहे का सरिया और लाठियां भी जब्त कर ली हैं।