सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र स्थित परशुराम चौराहे पर होली के दिन बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। बंद के आदेश के बावजूद शराब बेचे जाने और ओवररेट वसूली के आरोपों ने विवाद को हिंसक रूप दे दिया। ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा दो युवकों की सरेआम पिटाई की गई। अफरा-तफरी में शराब की बोतलें फोड़ी गईं और ठेकेदार की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
बंद के आदेश के बीच बिक्री कैसे?
आबकारी विभाग ने होली पर सुबह से दोपहर 4 बजे तक शराब दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद आरोप है कि अस्थायी अहाते से शराब बेची जा रही थी। दोपहर में कथित बिक्री का वीडियो भी सामने आया। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि:
...क्या बंद के आदेश का खुलेआम उल्लंघन हुआ?
...यदि दुकान बंद थी, तो शराब किसकी अनुमति से बेची जा रही थी?
...प्रशासनिक निगरानी के बावजूद अवैध बिक्री कैसे चलती रही?
ओवररेट पर शराब, विरोध किया तो पिटाई?
सूचना पर पहुंचे दो युवकों ने कथित तौर पर ओवररेट का विरोध किया, जिसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्मचारियों ने युवकों को घेरकर पीटा।
पुलिस के सामने भी हंगामा
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को भीड़ से बचाया और थाने ले गई। थाना प्रभारी ने जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने की बात कही है।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि क्या जांच में ठेकेदार की भूमिका सामने आएगी? क्या बंद के दिन बिक्री और ओवररेट के आरोप साबित होंगे? होली के दिन हुई इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और शराब ठेके की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।