शिवपुरी में होली का रंग: कलेक्टर-एसपी ने गाया ‘मेरे अंगने में’, माधव चौक पर झूमे लोग

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बुधवार को होली का पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर निवास पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में अधिकारियों ने गीत गाकर समां बांध दिया, वहीं पोहरी कस्बे में पारंपरिक लट्ठमार होली का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा।

माधव चौक पर सबसे ज्यादा रौनक, एसपी ने संभाली कमान

शहर के प्रमुख चौराहों और गलियों में युवाओं की टोलियां डीजे की धुन पर रंग उड़ाती नजर आईं। माधव चौक पर सबसे अधिक भीड़ रही। सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले एसपी अमन सिंह राठौड़ खुद सड़कों पर निगरानी करते दिखे।

उन्होंने माधव चौक पर तेज आवाज में म्यूजिक बजाते हुए घूम रहे एक ट्रैक्टर को रुकवाया और युवाओं को ट्रैक्टर दौड़ाने व तेज ध्वनि में म्यूजिक बजाने से मना करते हुए समझाइश दी। पूरे शहर में पुलिस बल तैनात रहा।

कलेक्टर-एसपी ने गाया ‘मेरे अंगने में...’

होली के अवसर पर कलेक्टर निवास पर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी और एसपी अमन सिंह राठौड़ ने माइक संभालकर मशहूर गीत मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है गाया। प्रशासनिक अधिकारियों के इस अंदाज पर मौजूद लोग भी झूमते और थिरकते नजर आए।

महिलाओं ने भी अपने घरों के बाहर पड़ोसियों और रिश्तेदारों के साथ होली खेली और पारंपरिक पकवानों का आनंद लिया।

पोहरी में ब्रज की तर्ज पर लट्ठमार होली

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी होली की खास रौनक रही। पोहरी कस्बे के राधा-कृष्ण मंदिर में ब्रज की तर्ज पर पारंपरिक लट्ठमार होली खेली गई। लोगों ने गोपी-गोपिकाओं का रूप धारण किया। इस दौरान गोपिकाओं ने गोपों पर प्रतीकात्मक रूप से लाठियां बरसाईं और रंग-गुलाल के साथ उत्सव मनाया।

शहर के अन्य मंदिरों में भी फाग, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा शिवपुरी रंगों और उमंग से सराबोर नजर आया।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)