सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी में आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर के दौरान चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई। यहां पहली बार रोबोटिक तकनीक से सर्जरी की गई, जिसे केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्वयं मौजूद रहकर देखा। बताया जा रहा है कि देश में पहली बार किसी स्वास्थ्य शिविर के दौरान रोबोटिक सर्जरी की गई है।
यह स्वास्थ्य शिविर श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन और रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया है, जहां आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के माध्यम से मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
हर्निया मरीज की सफल रोबोटिक सर्जरी
स्वास्थ्य शिविर में उपचार के लिए आए एक हर्निया मरीज का ऑपरेशन रोबोटिक तकनीक से किया गया। यह सर्जरी प्रसिद्ध सर्जन डॉ. मेहक भंडारी और उनकी टीम द्वारा अत्याधुनिक मशीनों की मदद से सफलतापूर्वक की गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, रोबोटिक सर्जरी मिनिमली इनवेसिव तकनीक पर आधारित होती है, जिसमें कम चीरा लगाया जाता है। इससे मरीज को कम दर्द होता है और वह जल्दी स्वस्थ हो सकता है।
सिंधिया ने देखा ऑपरेशन, डॉक्टरों की सराहना
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सर्जरी की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा और डॉक्टरों की टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक को स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाना एक बड़ी पहल है।
सिंधिया ने कहा कि इससे दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी विश्वस्तरीय इलाज की सुविधा मिल सकेगी, जो चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा देने का काम करेगा।