ऑटो पर पलटा ट्रक, दूल्हा-दुल्हन समेत 4 की मौतः शिवपुरी में शादी कर घर लौट रहे थे; JCB से निकाले गए शव, हादसे का LIVE VIDEO

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर मध्य प्रदेश के शिवपुरी में मुर्गी दाने से भरा ट्रक सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलट गया। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रक पलटते हुए दिख रहा है। मामला सिरसौद थाना क्षेत्र के टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास का है।

जानकारी के अनुसार, तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव निवासी वीरेंद्र शाक्य (25) की शादी शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी निवासी राजेश्वरी शाक्य से हुई थी। दोनों ने संजय कॉलोनी के एक मंदिर में परिवार की मौजूदगी में विवाह किया था।

मुर्गी दाने से भरा था ट्रक, ऑटो पर पलट गया

शनिवार को शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे की मां अन्वेश शाक्य (50), भाभी राजो शाक्य (22), बहन भूरिया शाक्य (19) और ड्राइवर के साथ ऑटो से राजगढ़ गांव के लिए रवाना हुए थे। टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास ड्राइवर ने ऑटो को खड़ा किया था।

इस दौरान ड्राइवर और दूल्हे की बहन पास की दुकान पर चले गए थे। तभी दोपहर करीब 12 बजे मुर्गी दाने से भरा ट्रक वहां पहुंचा और अनियंत्रित होकर ऑटो पर पलट गया। ऑटो में बैठे दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे की मां और भाभी ट्रक के नीचे दब गए।

करीब आधे घंटे बाद जेसीबी से निकाले गए शव

दबे हुए लोगों को निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। करीब आधे घंटे बाद सभी को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

दूल्हे की बहन की लगन आज होने वाली थी

परिजनों ने बताया कि दूल्हे की बहन भूरिया शाक्य की लगन आज राजगढ़ गांव में होनी थी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। परिवार के सदस्य दुल्हन की विदाई के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)