सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर शहर स्थित भाजपा कार्यालय में एक गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया, वहीं कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. प्रभाकर लवांगीकर (पूर्व संगठन मंत्री एवं जिला अध्यक्ष), मीसाबंदी विमलेश गोयल, अशोक खंडेलवाल, नरेंद्र बिरथरे, ओम प्रकाश खटीक, विमल जैन, प्रहलाद भारती एवं हरवीर रघुवंशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने अपने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ हैं और उनकी सक्रियता से ही पार्टी निरंतर आगे बढ़ती है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री के.पी. परमार ने किया। मंचासीन अतिथियों का स्वागत जिला महामंत्री लवलेश जैन ‘चीनू’, योगेन्द्र रघुवंशी ‘बंटी’, श्रीमती हेमलता रावत एवं नीरज तोमर द्वारा किया गया। अंत में जिला महामंत्री योगेन्द्र बंटी रघुवंशी ने आभार व्यक्त किया।
स्थानीय कार्यक्रम के समापन के बाद सभी कार्यकर्ता भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय से एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ऑनलाइन जुड़े, जहां प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित वरिष्ठ नेताओं के संबोधन को सुना गया।
जिले भर से पहुंचे सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य बना दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक एकजुटता और ऊर्जा का माहौल स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।